इराक़ी कर सकते हैं सीरिया के भीतर हमलेः दमिश्क़
सीरिया का कहना है कि देश के भीतर आतंकी ठिकानों पर इराक़ी सैनिक हमले कर सकते हैं।
सीरिया की संसद में अरब मामलों के प्रभारी ने कहा है कि सरकार ने अनुमति दे दी है कि इराक़ी सैनिक, सीरिया के भीतर आतंकवादियों के ठिकानों पर हमले कर सकते हैं। साजी तोमे ने कहा कि वर्तमान समय में सीरिया और इराक़ दोनो ही संयुक्त ख़तरे से प्रभावित हैं और वे आतंकवाद के विरुद्ध संघर्ष में व्यस्त हैं। उन्होंने बताया कि मूसिल कार्यवाही के कारण आतंकवादी वहां से भाग कर सीरिया की सीमा में घुस रहे हैं।
सीरिया के इस सांसद ने कहा कि इराक़ से मिलने वाली सीरिया की सीमा पर आतंकवादियों के ठिकानों पर सीरिया के विमानों को हमले करने की अनुमति है।
ज्ञात रहे कि इससे पहले इराक़ के प्रधानमंत्री हैदर अलएबादी ने कहा था कि उनके युद्धक विमान सीरिया की सीमा पर आतंकवादियों के ठिकानों पर हमला करने की तत्परता रखते हैं।
उल्लेखनीय है कि फरवरी में इराक़ी युद्धक विमानों ने सीमावर्ती नगर अलबूकमाल में आतंकवादियों के ठिकानों पर हमले किये थे।