इराक़ से तुरंत निकलें तुर्क सैनिकः एबादी
इराक़ के प्रधानमंत्री हैदर अलएबादी ने एक बार फिर अपने देश से तुर्क सैनिके तुरंत और बिना किसी शर्त के निष्कासन पर बल दिया है।
अपने तुर्क समकक्ष बिन अली येल्दरीम से टेलीफ़ोनी वार्ता करते हुए इराक़ी प्रधानमंत्री हैदर अलएबादी ने बल देकर कहा है कि तुर्की सेना को इराक़ी धरती से तुरंत निकल जाना चाहिए।
उनका कहना था कि तुर्क सैनिकों का निष्कासन आवश्यक है क्योंकि इसका हमारी अखंडता और संप्रभुता से सीधा संबंध है। दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों ने दाइश के विरुद्ध युद्ध और इराक़ी सेना की हालिया सफलताओं के बारे में भी विचार विमर्श किया। तुर्क प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर दाइश के साथ युद्ध में इराक़ी सेना की सफलताओं पर बधाई दी और आशा व्यक्त की कि नैनवा प्रांत सहित इराक़ के सब ही क्षेत्रों को दाइश के चंगुल से शीघ्र स्वतंत्र करा लिया जाएगा।
इसी मध्य इराक़ी प्रधानमंत्री हैदर अलएबादी ने अरब संघ के महासचिव अहमद अबुल ग़ैत के साथ मुलाक़ात में आतंकवादियों के विरुद्ध एकजुट होने की आवश्यकता पर बल दिया है। उन्होंने आशा व्यक्त की है कि अरब संघ का अगला शिखर सम्मेलन आतंकवद के विरुद्ध युद्ध के हवाले से परिणाम दायक होगा।
अरब संघ के जनरल सेक्रेटरी ने इस मुलाक़ात में दाइश के विरुद्ध युद्ध में इराक़ी सेना की हालिया सफलताओं पर बधाई पेश की। (AK)