इराक़ से दाइश को पूरी तरह ख़त्म करके रहेंगेः अलएबादी
इराक़ के प्रधानमंत्री ने बल देकर कहा है कि सुरक्षा बलों ने आतंकी गुट दाइश से मुक़ाबले में अहम सफलताएं हासिल की हैं और इराक़, इस गुट को पूरी तरह से समाप्त करके रहेगा।
हैदर अलएबादी ने वाॅशिंग्टन में दाइश विरोधी गठजोड़ के सदस्य देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में कहा कि तकफ़ीरी आतंकी गुट दाइश को नियंत्रित करना एक ख़तरनाक और असंभव काम है क्योंकि यह गुट किसी भी किसी भी बात के लिए प्रतिबद्ध नहीं है और सिर्फ़ जनसंहार, तबाही और बर्बादी के षडयंत्र रचता है। उन्होंने कहा कि इराक़ी बलों ने दाइश के आतंकियों से संघर्ष में अहम सफलताएं हासिल की हैं जिनसे पता चलता है कि यह गुट इराक़ी जनता के बीच फूट डालने के अपने प्रयासों में नाकाम रहा है।
इराक़ी प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार का मानना है कि गठजोड़ बना कर और एकजुट प्रयासों के माध्यम से इस आतंकी गुट को हमेशा के लिए समाप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि दाइश को जड़ से समाप्त करने के लिए ज़रूरी है कि हम, क्षेत्र के अन्य विवादों व मतभेदों पर ध्यान न दें। हैदर अलएबादी ने कहा कि इराक़ी जनता में जो एकता व एकजुटता है उसके माध्यम से जल्द ही दाइश को पराजय होगी। इस बीच इराक़ के उप राष्ट्रपति नूरी मालेकी ने भी इराक़ में जापान के राजदूत फ़ोमियो ईवाई से मुलाक़ात में कुछ देशों द्वारा इराक़ में हस्तक्षेप और इस देश को अपने प्रभाव का क्षेत्र बनाने की कोशिशों का विरोध किया और कहा कि सभी देशों को बिना किसी क्षेत्रीय, जातीय व सांप्रदायिक भेदभाव के, दाइश के ख़िलाफ़ इराक़ का समर्थन करना चाहिए। (HH)