इस्राईल ने हमास की मीज़ाइल शक्ति का लोहा माना
ज़ायोनी शासन ने कहा है कि हमास का नया मीज़ाइल उसके मीज़ाइल डिफ़ेंस सिस्टम को बेकार बना देगा।
ज़ायोनी शासन के टीवी चैनल-2 ने बुधवार को अपनी एक रिपोर्ट में कहा है कि फ़िलिस्तीन के इस्लामी प्रतिरोध संगठन हमास का 200 किलो ग्राम वज़न वाला नया मीज़ाइल, इस्राईल के मीज़ाइल डिफ़ेंस सिस्टम आयरन डोम को बेकार बना देगा। रिपोर्ट के अनुसार हमास, इस्राईल के साथ हर प्रकार के संभावित टकराव के लिए अपने हथियारों और भारी दूर मारक मीज़ाइलों का नवीनीकरण कर रहा है। इस्राईली टीवी की रिपोर्ट के अनुसार ग़ज़्ज़ा पट्टी पर हमले की स्थिति में हमास के नए मीज़ाइल, इस्राईली सैनिकों को निशाना बनाएंगे।
इससे पहले हमास के पोलित ब्योरो के प्रमुख ख़ालिद मशअल ने ग़ज़्ज़ा पट्टी के साथ हर प्रकार की लड़ाई की ओर से चेतावनी देते हुए कहा था कि फ़िलिस्तीनी राष्ट्र, ज़ायोनी शासन के साथ संघर्ष में दूसरों की ग़लतियों से दूर रहते हुए अपनी नई क्षमताओं पर भरोसा करेगा। ज्ञात रहे कि ज़ायोनी शासन ने वर्ष 2014 में ग़ज़्ज़ा युद्ध की समाप्ति के बाद कई बार फ़िलिस्तीन के प्रतिरोधकर्ता गुटों की ताक़त का लोहा माना है। (HN)