ईरान, यमन को हथियार नहीं दे रहा है
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i39888-ईरान_यमन_को_हथियार_नहीं_दे_रहा_है
यमन के विदेश मंत्री ने संयुक्त राष्ट्र संघ को एक पत्र लिख कर सऊदी अरब के इस दावे का खंडन किया है कि ईरान, यमन को हथियार दे रहा है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Apr १२, २०१७ ०९:१० Asia/Kolkata
  • ईरान, यमन को हथियार नहीं दे रहा है

यमन के विदेश मंत्री ने संयुक्त राष्ट्र संघ को एक पत्र लिख कर सऊदी अरब के इस दावे का खंडन किया है कि ईरान, यमन को हथियार दे रहा है।

हेशाम शरफ़ ने यमन की राजधानी सनआ में संयुक्त राष्ट्र संघ के मानवीय मामलों के समन्वयक जिमी गोल्डरीक से मुलाक़ात करके उन्हें एक पत्र सौंपा है जिसमें सऊदी अरब और उसके घटकों के दावों का कड़ाई से खंडन किया गया है। यमन के विदेश मंत्री ने इस मुलाक़ात में कहा कि अतिक्रमणकारियों ने हुदैदा प्रांत को सैन्य क्षेत्र घोषित कर रखा है जबकि यह यमन की सबसे अहम बंदरगाह है और यमन की जनता के लिए खाद्य पदार्थों और दवाओं का 80 प्रतिशत भाग इसी बंदरगाह से आता है।

 

शरफ़ ने कहा कि अतिक्रमणकारी इस बंदरगाह से हथियारों की तस्करी के बहाने इसे तबाह करना चाहते हैं और अगर यह बंदरगाह तबाह हो गई तो यमन में भुखमरी में वृद्धि हो जाएगी क्योंकि यह देश पहले से ही अतिक्रमणकारियों के घेरे में है। यमन के विदेश मंत्री ने कहा कि ईरान की ओर से यमन को हथियार दिए जाने का दावा पूरी तरह से निराधार है और अतिक्रमणकारियों के पास इस संबंध में कोई प्रमाण है तो वे पेश करें। उन्होंने कहा कि सभी जानते हैं कि यह दावा हुदैदा की बंदरगाह पर हमले का औचित्य दर्शाने के लिए एक बहाना है। (HN)