इस्राईल को विशिष्टता देना, फ़िलिस्तीन संकट का समाधान नहीं- हमास
फ़िलिस्तीन के इस्लामी प्रतिरोध संगठन हमास का कहना है कि अवैध ज़ायोनी शासन को विशिष्टता देने से फ़िलिस्तीन संकट का समाधान नहीं हो सकता।
हमास के प्रवक्ता ओसामा हमदान ने फ़िलिस्तीनी प्रशासन के प्रमुख महमूद अब्बास और अमरीकी राष्ट्रपति ट्रम्प की भेंटवार्ता पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि महमूद अब्बास, जिस वार्ता प्रक्रिया को आगे बढ़ा रहे हैं वह, फ़िलिस्तीनियों के अधिकारों से मेल नहीं खाती।
हमास के प्रवक्ता ने कहा कि शरणार्थी फ़िलिस्तीनियों की स्वदेश वापसी के अधिकार को किसी भी स्थिति में अनेदखा नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि फ़िलिस्तीनियों को उनके अधिकार दिलाने के बारे में ट्रम्प, इस्राईल पर कोई दबाव डालना नहीं चाहते बल्कि उनका प्रयास यह है कि फ़िलिस्तीन संकट का समाधान, इस्राईल के हित में किया जाए। हमास का कहना है कि वह कभी भी इस्राईल को मान्यता नहीं देगा। ज्ञात रहे कि इससे पहले महमूद अब्बास को संबोधित करते हुए हमास यह घोषणा कर चुका है कि अमरीका के चक्कर लगाने से फ़िलिस्तीन संकट का समाधान संभव नहीं है।