दमिश्क़ के उपनगरीय भाग से आतंकियों के निकलने की प्रक्रिया शुरु
-
8 मई 2017 को सीरिया में आतंकी अपने परिजनों के साथ दमिश्क़ के उपनगरीय इलाक़े बर्ज़ा में इकट्ठा होने के स्थान पर
सीरिया के उपनगरीय इलाक़े बर्ज़ा से सैकड़ों की संख्या में विदेश समर्थित आतंकियों के निकलने की प्रक्रिया शुरु हो गयी है। ये आतंकी सीरियाई सरकार के साथ हुयी सहमति के आधार पर नाकाबंदी से घिरे बर्ज़ा क्षेत्र से बाहर जा रहे हैं।
अलअख़बारिया टीवी चैनल के अनुसार, सोमवार को आतंकियों के बर्ज़ा इलाक़े से निकलने की प्रक्रिया शुरु हुयी।
कथित सीरियन ऑब्ज़र्वेट्री फ़ॉर ह्यूमन राइट्स के अनुसार, सोमवार तड़के बसें आतंकियों और उनके परिजनों को निकालने के लिए पहुंच गयी थीं और सैकड़ों की संख्या में आतंकी बसों में सवार होते दिखाई दिए।
ब्रिटेन स्थित मानवाधिकार संगठन ने कहा कि आने वाले दिनों में बर्ज़ा इलाक़े से और संख्या में आतंकी निकल जाएंगे।
ग़ौरतलब है कि बर्ज़ा राजधानी दमिश्क़ के पूर्वोत्तर में स्थित है। इस क्षेत्र में हालिया महीनों में सीरियाई सैनिकों और आतंकियों के बीच भीषण झड़पें हुयी हैं।
कथित सीरियन ऑब्ज़र्वेट्री फ़ॉर ह्यूमन राइट्स ने यह भी बताया कि सीरियाई सैनिकों ने क़बून इलाक़े की ओर प्रगति की है। क़बून बर्ज़ा से सटा हुआ क्षेत्र है।
दूसरी ओर लेबनान के एक मीडिया चैनल ने सोमवार को बताया कि सीरिया के फ़ुआ और कफ़रया क़स्बों में रेड क्रेसेंट की एंब्यूलेंस पहुंच गयीं, ताकि इन क़स्बों से लोगों को निकालें जो आतंकियों की घेराबंदी में फंसे हैं। इदलिब में स्थित ये दोनों क़स्बे मार्च में दमिश्क़ सरकार और आतंकी गुटों के बीच हुयी सहमति का हिस्सा हैं। इस सहमति के तहत रीफ़ दमिश्क़ में स्थित ज़बदानी और मदाया से आतंकियों को सुरक्षित बाहर निकलने की इजाज़त दी गयी। ज़बदानी और मदाया को सीरियाई फ़ोर्सेज़ ने घेर रखा था। (MAQ/N)