इस्राईल के ख़िलाफ़ सशस्त्र संघर्ष जारी रखने पर हमास का बल
फ़िलिस्तीन के हमास संगठन ने अतिग्रहणकारी ज़ायोनी शासन के ख़िलाफ़ सशस्त्र संंघर्ष जारी रखने पर बल दिया है।
फ़िलिस्तीन पर इस्राईल के क़ब्ज़े और फ़िलिस्तीनी क्षेत्रों में अवैध ज़ायोनी सरकार के गठन की घोषणा की 69वीं बरसी के अवसर पर फ़िलिस्तीन के इस्लामी प्रतिरोध संगठन हमास ने सोमवार को एक बयान जारी करके कहा है कि प्रतिरोध विशेष कर सशस्त्र संघर्ष बैतुल मुक़द्दस पर अवैध क़ब्ज़ा करने वाली ज़ायोनी सरकार के ख़िलाफ़ एक सच्चा प्रतिरोध है। हमास ने अपने बयान में इस बात पर बल देते हुए कि जो कुछ ताक़त के बल पर छीना गया है कि उसे ताक़त के माध्यम से ही वापस लिया जा सकता है, कहा है कि फ़िलिस्तीन के लोग, जल्लाद इस्राईल से संघर्ष करते रहेंगे और उसे अपनी धरती छोड़ने पर विवश कर देंगे क्योंकि अवैध क़ब्ज़े का परिणाम प्रतिरोध है।
इस बयान में कहा गया है कि 69 साल बाद भी फ़िलिस्तीन की समस्या अपने स्थान पर बाक़ी है और समय और पीढ़ियों के बीत जाने से फ़िलिस्तीनी शरणार्थियों की स्वदेश वापसी के अधिकार की अनदेखी नहीं की जाएगी। ज्ञात रहे कि 69 साल पहले 14 मई को ही ज़ायोनी शासन ने फ़िलिस्तीन की धरती पर अवैध रूप से क़ब्ज़ा कर लिया था और ब्रिटेन की सहायता से फ़िलिस्तीन की धरती पर अवैध इस्राईली शासन की स्थापना की घोषणा कर दी थी। (HN)