रमज़ान से पहले दाइश को मूसिल से बाहर कर देंगेः इराक़
इराक़ी सैनिकों ने दाइश को मूसिल से निकाल बाहर करने के लिए अन्तिम कार्यवाही शुरू कर दी है।
इराक़ की सेना और स्वयंसेवी बलों की योजना के अनुसार रमज़ान से पहले ही दाइश को मूसिल से खदेड़ दिया जाएगा। गुरूवार को मूसिल नगर पर विमान से एेसे पंफ्लेट गिराए जिनपर लिखा हुआ था कि वे लोग मूसिल छोड़कर निकल आएं। इनमे बताया गया था कि इराक़ी सेना ने नागरिकों के नगर से बाहर निकलने के लिए कई सुरक्षित मार्ग बनाए हैं जिनके माध्यम से वे मूसिल से निकल सकते हैं।
इराक़ी सेना दाइश से मूसिल का 90 प्रतिशत भाग आज़ाद करा चुकी है और बाक़ी बचे दस प्रतिशत को वह रमज़ान से पहले स्वतंत्र कराना चाहती है। एक सैनिक अधिकारी ने बताया है कि जिन क्षेत्रों में दाइश के आतंकवादी मौजूद हैं वहां पर वे आम लोगों को मानवीय ढाल के रूप में प्रयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यही कारण है कि मूसिल की स्वतंत्रता में समय लग रहा है।
उल्लेखनीय है कि मूसिल को आज़ाद कराने की कार्यवाही 19 फरवरी 2017 से आरंभ हुई थी।