इराक़, सेन्जार सैन्य छावनी स्वतंत्र, दर्जनों आतंकी ढेर
इराक़ के स्वयं सेवी बल हशदुश्शाबी ने शुक्रवार को नैनवा प्रांत के पश्चिमी क्षेत्रों में अपनी प्रगति जारी रखते हुए आतंकवादी गुट दाइश के नियंत्रण से सेन्जार सैन्य छावनी स्वतंत्र करा ली है।
इर्ना की रिपोर्ट के अनुसार, इस महत्वपूर्ण सैन्य छावनी को स्वतंत्र कराने के अभियान के दौरान स्वयं सेवी बलों और आतंकवादी गुट दाइश के बीच भीषण झड़पें हुईं जिनमें दसियों आतंकवादी मारे गये और बड़ी मात्रा में उनके हथियार और गोलाबारूद तबाह हुए।
सेन्जार सैन्य छावनी स्वतंत्र कराने के बाद बम स्क्वाड ने आतंकवादियों की ओर से लगाए गये बमों और बारूदी सुरंगों का पता लगाकर उन्हें तबाह करना आरंभ कर दिया है।
इराक़ के स्वयं सेवी बल के जवान इसी प्रकार शुक्रवार को नैनवा प्रांत के पश्चिमी सीमावर्ती क्षेत्र सेन्जार-अलबेआज राजमार्ग पर नियंत्रण प्राप्त करने में सफल रहे। इस कार्यवाही के दौरान आतंकवादी गुट दाइश के नियंत्रण से चार गांव स्वतंत्र करा लिए गये।
ज्ञात रहे कि आतंकवादी गुट दाइश के नियंत्रण से नैनवा प्रांत के केन्द्र मूसिल शहर की स्वतंत्रता का अभियान 17 अक्तूबर से प्रधानमंत्री हैदर अलएबादी के आदेश से आरंभ हुआ है और सेना अब तक 90 प्रतिशत भागों को स्वतंत्र करा चुकी है।
मूसिल अभियान में सेना, स्वयं सेवी बल, पुलिस और आतंकवाद निरोधक दस्ते और क़बाईली लश्कर शामिल हैं। (AK)