सऊदी अरब, विकलांग युवक का सिर क़लम करने की सज़ा
सऊदी अरब की एक अदालत ने सरकार विरोधी प्रदर्शनों में भाग लेने के आरोप में एक विकलांग युवक का सिर क़लम करने की सज़ा सुनाई है।
ब्रिटिश समाचार पत्र इंडिपेंडेंट की रिपोर्ट के मुताबिक़, 23 वर्षीय मुनीर अल-आदम ने 2012 में देश के पूरब में शिया बाहुल्य इलाक़े क़तीफ़ में प्रदर्शन में भाग लिया था, जहां सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें बुरी तरह मारा पीटा और उनके सुनने की क्षमता भी चली गई।
मानवाधिकार संगठनों ने इस फ़ैसले की कड़ी निंदा की है और इसे आले सऊद शासन की एक घिनौनी करतूत बताया है।
ग़ौरतलब है कि सऊदी अरब में सरकार विरोधी प्रदर्शन करने की सज़ा मौत है, जिसकी हाल ही में ट्रम्प प्रशासन के वित्त मंत्री ने यह कहते हुए प्रशंसा की थी कि सऊदी अरब में प्रदर्शन नहीं होते हैं।
विकलांग आदम को सऊदी अरब की एक विशेष अदालत ने पिछले साल मौत की सज़ा सुनाई थी, जिसकी इस साल अपील कोर्ट ने पुष्टि कर दी है।
आदम के मेडिकल रिकार्ड के बावजूद, हिरासत के दौरान पुलिस ने उन्हें शारीरिक यातनाएं दीं और उन्हें अपना अपराध स्वीकार करने पर मजबूर किया।
सऊदी अरब के बहुत ही ख़राब मानवाधिकार रिकार्ड के बावजूद, अमरीकी राष्ट्रपति ने अपनी हालिया इस देश की यात्रा के दौरान, अरबों डालर के हथियारों के समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। msm