बहरैन, शैख़ ईसा क़ासिम के समर्थन में प्रदर्शन
बहरैनी नागरिकों ने एक बार फिर सुरक्षा बलों द्वारा देश के वरिष्ठ धर्मगुरु और नेता शैख़ ईसा क़ासिम के घर के परिवेष्टन पर आपत्ति जताते हुए प्रदर्शन किए हैं।
फ़ार्स न्यूज़ एजेन्सी की रिपोर्ट के अनुसार यह प्रदर्शन अलजफ़ीर और बनी जमरा के क्षेत्र में आयोजित हुए जिसके दौरान प्रदर्शनकारियों ने सरकार के विरुद्ध नारे लगाए और शैख़ ईसा क़ासिम के घर का घेराव समाप्त करने सहित समस्त राजनैतिक बंदियों की स्वतंत्रता की मांग की।
अलक़दम शहर के निवासियों ने भी प्रदर्शन करके बहरैनी सुरक्षा बलों द्वारा शैख़ ईसा क़ासिम के घर पर हमले की निंदा। बहरैन के वरिष्ठ धर्मगुरु शैख़ ईसा क़ासिम के घर पर बहरैनी सुरक्षा के हमले में घर में धरने पर बैठे कई आम नागरिक हताहत और घायल हो गये।
बहरैनी प्रदर्शनकारियों ने इसी प्रकार अलमआमीर, उत्तरी सहला, समाहीज और अलमुसल्ला में भी एेसे ही प्रदर्शन किए। प्रदर्शनकारियों ने वरिष्ठ नेता और धर्मगुरु शैख़ ईसा क़ासिम के घर दुराज़ क्षेत्र के परिवेष्टन की निंदा की और हालिया दिनों में शहीद होने वालों और गिरफ़्तार होने वालों के प्रति अपनी निष्ठ की घोषणा की।
ज्ञात रहे कि बहरैन के न्यायालय ने निराधार आरोप के आधार पर वरिष्ठ धर्मगुरू शेख ईसा क़ासिम को एक साल की सज़ा सुनाते हुए उनकी संपत्ति को ज़ब्त करने का भी आदेश दिया था। न्यायालय के इस आदेश के बाद बहरैनी सुरक्षाबलों ने इस देश की राजधानी मनामा के अद्देराज़ क्षेत्र में शेख ईसा क़ासिम के घर पर हमला कर दिया था जिसमें कम से कम 6 लोग मारे गए और 200 से अधिक घायल हो गए। इस संबन्ध में सुरक्षाबलों ने लगभग 300 लोगों को गिरफ़्तार किया है।
उल्लेखनीय है कि बहरैन में 14 फरवरी 2011 से वहां के शासन के विरुद्ध जनान्दोलन जारी है। आन्दोलनकारियों की मांग है कि देश में अन्यायपूर्ण एवं भेदभावपूर्ण नीति को समाप्त करके लोकतंत्र की स्थापना की जाए और अन्याय को समाप्त किया जाए। (AK)