इराक़, सेना की प्रगति जारी, एक गांव और आज़ाद
इराक़ के स्वयं सेवी बलों ने अपनी प्रगति जारी रखते हुए नैनवा प्रांत के बेआज क्षेत्र के एक अन्य गांव को आतंकवादी गुट दाइश के नियंत्रण से स्वतंत्र करा लिया है।
अल आलम टीवी चैनल की रिपोर्ट के अनुसार इराक़ के स्वयं सेवी बल के मीडिया विभाग ने शुक्रवार को घोषणा की है कि स्वयं सेवी बल के जवानों ने नैनवा प्रांत के चायर ग़लफ़ास गांव को आतंकवादी गुट दाइश के नियंत्रण से स्वतंत्र करा लिया और वहां की इमारतों पर राष्ट्रीय ध्वज लहरा दिया।
स्वयं सेवी बलों ने इसी प्रकार पश्चिमी बेआज की तल सफ़ूक छावनी और गांव की ओर प्रगति की जो सीरिया और इराक़ के बीच आतंकवादी गुट दाइश की महत्वपूर्ण सप्लाई लाइन है।
इसी मध्य इराक़ के सुरक्षा मामलों के विशेषज्ञ हेशाम अलहाशेमी ने कहा कि पश्चिमी मूसिल की स्वतंत्रता के लिए इराक़ी सेना के पिछले सौ दिनों के अभियान में सेना ने दाइश के 93 प्रतिशत क्षेत्रों को अपने नियंत्रण में ले लिया है।
ज्ञात रहे कि मूसिल सिटी की स्वतंत्रता का अभियान 17 अक्तूबर 2016 से आरंभ हुआ है जिसमें कुर्द पीशमर्गा, स्वयं सेवी बल और इराक़ी क़बाईली लश्कर भी शामिल हैं। सेना ने पिछले जनवरी के महीने में स्वयं सेवी बलों की सहायता से पूर्वी मूसिल को आतंकियों के नियंत्रण से स्वतंत्र करा लिया था। (AK)