पूरे मूसिल की आज़ादी बस क़रीब है, इराक़ी प्रधान मंत्री
इराक़ी प्रधान मंत्री हैदर अलएबादी ने उत्तरी प्रांत नैनवा के केन्द्र मूसिल के पूरी तरह जल्द आज़ाद होने की सूचना दी है।
अलआलम के अनुसार, हैदर अलएबादी ने शनिवार की शाम सीमावर्ती क्षेत्रों में इराक़ी फ़ोर्सेज़ की मौजूदगी पर बल देते हुए कहा कि मूसिल की आज़ादी के अभियान के अंतिम चरण के पूरे होते ही यह क्षेत्र पूरी तरह आज़ाद हो जाएगा।
उन्होंने इस बात का उल्लेख करते हुए कि सीरिया से मिली इराक़ी सीमाओं पर इराक़ी फ़ोर्सेज़ की तैनाती का उद्देश्य इराक़ी सीमा पर सुरक्षा क़ायम करना है, कहा कि हम नहीं चाहते कि इराक़ी फ़ोर्सेज़ देश की सीमा से सीरिया की भूमि में दाख़िल हों।
इराक़ी प्रधान मंत्री ने कहा कि जिन रास्तों से दाइश इराक़ में घुसपैठ करता था उन्हें अब बंद कर दिया गया है।
इराक़ी प्रधान मंत्री इराक़ी स्वयंसेवी बल के कमान्डरों के इफ़्तार कार्यक्रम में दाइश के ख़िलाफ़ इस बल के योगदान और आयतुल्लाह सीस्तानी के ऐतिहासिक फ़त्वे की सराहना की कि इन्हीं दिनों इस फ़त्वे के जारी होने की तीसरी सालगिरह है।
हैदर अलएबादी ने इसी प्रकार दाइश के ख़िलाफ़ सैन्य उपलब्धियों को बचाने के लिए राष्ट्रीय एकता को सबसे अहम तत्व बताया। उन्होंने कहा कि नैनवा प्रांत के तलअफ़र और कर्कूक प्रांत के हवीजा शहर की आज़ादी के साथ ही यह इलाक़ा पूरी तरह दाइश के वजूद से पाक हो जाएगा। (MAQ/N)