कुर्दिस्तान के बारे में जनमत संग्रह, क़ानून के ख़िलाफ़ः सुन्नी गठबंधन
इराक़ के सुन्नी गठबंधन ने घोषणा की है कि देश के कुर्दिस्तान क्षेत्र को इराक़ से अलग किये जाने के बारे में जनमत संग्रह देश के संविधान के विरुद्ध है।
शनिवार को इराक़ के सुन्नी गठबंधन की ओर से जारी बयान में इस जनमत संग्रह के बारे में चेतावनी के साथ गठबंधन का कहना है कि यह काम, ग़ैर क़ानूनी होने के साथ ही संविधान के विरुद्ध भी है। इस बयान के अनुसार यह जनमत संग्रह, इराक़ की एकता और अखण्डता को ख़तरे में डालने वाला है।
इसी बीच इराक़ी प्रधानमंत्री के कार्यालय के प्रवक्ता ने कुर्दिस्तान में आगामी दिनों में कराए जाने वाले जनमत संग्रह के बारे में कहा है कि वहां पर जो काम भी किया जाए उसे इराक़ के संविधान के अनुरूप होना चाहिए।
ज्ञात रहे कि इराक़ के नियंत्रण वाले कुर्दिस्तान क्षेत्र में क्षेत्रीय दलों ने वहां के प्रमुख मसूद बारेज़ानी की उपस्थिति में एक जनमत संग्रह कराए जाने की घोषणा की है। इस घोषणा के अनुसार यह जनमत संग्रह, 25 सिंतबर 2017 को आयोजित किया जाएगा।