क्या मुहम्मद बिन सलमान पर हमला हुआ? +वीडियो
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i44166-क्या_मुहम्मद_बिन_सलमान_पर_हमला_हुआ_वीडियो
सऊदी अरब में मुहम्मद बिन सलमान क्राउन प्रिंस नियुक्त कर दिए गए। इस फ़ैसले पर विश्व भर में चर्चा हुई है और इसे बग़ावत तक कहा जा रहा है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jun २२, २०१७ १०:२८ Asia/Kolkata

सऊदी अरब में मुहम्मद बिन सलमान क्राउन प्रिंस नियुक्त कर दिए गए। इस फ़ैसले पर विश्व भर में चर्चा हुई है और इसे बग़ावत तक कहा जा रहा है।

क्राउन प्रिंस का पद मुहम्मद बिन नाएफ़ के पास था जो मुहम्मद बिन सलमान के चचेरे भाई हैं और उन्हें सऊदी अरब में बहुत प्रभावशाली व्यक्ति माना जाता था लेकिन पहले तो उनके हाथ से एक एक करके सारे पद ले लिए गए और अंत में गृह मंत्रालय और क्राउन प्रिंस का पद भी ले लिय गया।

मुहम्मद बिन सलमान को क्राउन प्रिंस बनाए जाने के बाद अधिकारियों ने उनकी बैअत की। इस परम्परा के तहत अधिकारी अपनी वफ़ादारी का एलान करते हैं। मुहम्मद बिन सलमान के लिए आयोजित इस कार्यक्रम की एक वीडिया क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है जिसके बारे में कहा जा रहा है कि बैअत के दौरान एक व्यक्ति ने मुहम्मद बिन सलमान पर हमला किया।

सात सेकेंड की वीडियो में एक व्यक्ति को मुहम्मद बिन सलमान से ग़ुस्से में बात करते हुए देखा जा सकता है जिसे सुरक्षा कर्मी वहां से खींच कर हटाते हैं।

वहीं एक और वीडियो क्लिप भी जारी की गई है जो 22 सेकेंड की है और यह वीडियो जारी करने वालों का इस घटना के बारे में कहना है कि मुहम्मद बिन सलमान से ग़ुस्से में बात करने वाला व्यक्ति एक राजकुमार है जो अपने निजी मामलों के बारे में मुहम्मद बिन सलमान से बात कर रहा है।

मुजतहिद नाम के ब्लागर ने जिसके बारे में कहा जाता है कि वह शायद शाही ख़ानदान से संबंध रखता है, अपने ब्लाग में लिखा है कि सऊदी अरब में बहुत बड़ी बग़ावत हुई है और बहुत जल्द सऊदी नरेश अपने पद से हटेंगे और मुहम्मद बिन सलमान देश के नरेश बन जाएंगे।