सीरिया के ख़िलाफ़ अमरीका का नया कूटनैतिक हमला
सीरिया की सरकार ने अमरीका के आरोपों को ख़ारिज करते हुए कहा है कि रासायनिक हमले के लिए सीरियाई सेना की तैयारी से संबंधित अमरीका का आरोप निराधार है।
सीरिया के राष्ट्रीय संधि मंत्री अली हैदर ने मंगलवार को कहा कि दमिश्क़ सरकार ने आतंकवादियों के ख़िलाफ़ भी कभी रासायनिक हथियार प्रयोग नहीं किया है और न ही प्रयोग करेगी।
अली हैदर ने बल देकर कहा कि वाइट हाउस के आरोपों से पता चलता है कि अमरीका सुरक्षा परिषद में सीरिया के विरुद्ध नया कूटनैतिक युद्ध छेड़ने की तैयारी कर रहा है।
ज्ञात रहे कि वाइट हाउस के प्रवक्ता शान स्पाइसर ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि अमरीका ने रासायनिक हमला करने की सीरियाई सरकार की संभावित तैयारी का सुराग़ लगाया है।
उधर रूस ने चेतावनी दी है कि अमरीका सीरियाई सेना के ठिकानों पर हमले करने के लिए इस प्रकार के निराधार दावे कर रहा है।