इराक़, सेना ने प्रसिद्ध शिफ़ा कालोनी को स्वतंत्र करा लिया
इराक़ के नैनवा आप्रेशन के कमान्डर ने पश्चिमी मूसिल के इबने सीना अस्पताल, ब्लड बैंक, परमाणु चिकित्सा इकाई, प्रयोगशाला और शिफ़ा कालोनी के दूसरे भागों की स्वतंत्रता की सूचना दी है।
अल आलम टीवी चैनल की रिपोर्ट के अनुसार नैनवा आप्रेशन के कमान्डर अब्दुल अमीर रशीद यारल्लाह ने यह सूचना देते हुए कहा कि मूसिल शहर की स्वतंत्रता, लगभग पूर्ण हो चुकी हे और आज का अभियान, इस शहर के अंतिम क्षेत्रों को स्वतंत्र कराने के लिए अंजाम दिया गया है।
इराक़ की सेन्ट्रल पुलिस ने भी प्राचीन मूसिल में अपनी सफलताओं का क्रम जारी रखते हुए शनिवार की सुबह पश्चिमी मूसिल में दजला नदी के तट पर पहुंच गयी। पुलिस, रैपिड एक्शन फ़ोर्स, आतंकवाद निरोधक दल सहित मूसिल सिटी की स्वतंत्रता में शामिल सैनिकों के दजला नदी के तट पर पहुंचने और दूसरी ओर से आ रहे सैनिकों के साथ मिलने का अर्थ यह है कि मूसिल सिटी की स्वतंत्रता का अभियान पूरा हो गया है।
इराक़ के रक्षामंत्रालय ने गुरुवार को अपने एक बयान में मूसिल में दाइश की तथाकथित सरकार और उसके अतिग्रहण की समाप्ति की सूचना दी थी। फ़रवरी 2017 में इराक़ी सेना द्वारा पूर्वी मूसिल की स्वतंत्रता के बाद सेना ने पश्चिमी मूसिल की स्वतंत्रता का अभियान आरंभ किया था जो गुरुवार को समाप्त हो गया। (AK)