पूर्वी दमिश्क़, सेना और आतंकियों के बीच भीषण झड़पें
सीरिया के सरकारी सूत्रों ने दमिश्क़ के उपनगरीय क्षेत्रों और अलहील तेल फ़ील्ड में आतंकवादियों और सेना के जवानों के बीच भीषण झड़पों की सूचना दी है।
तस्नीम न्यूज़ एजेन्सी की रिपोर्ट के अनुसार सीरियाई सेना के युद्धक विमानों ने बुधवार को पूर्वी दमिश्क़ में एन तिरमा- जोबर के स्थान पर नुस्रा फ़्रंट और रहमान ब्रिगेड के आतंकियों के ठिकानों को निशाना बनाया।
सीरिया के एक सैन्य सूत्र ने बताया कि सीरिया की सेना एन तिरमा- जोबर से आतंकियों को खदेड़ने के लिए पूरी तरह तैयारी कर चुकी है और शीघ्र ही आतंकियों के विरुद्ध इस क्षेत्र में अभियान आरंभ कर दिया जाएगा।
इस सूत्र का कहना है कि जोबर में मौजूद आतंकियों को पूरी तरह से अपने घेरे में लेने में काफ़ी समय लगेगा क्योंकि आतंकियों ने पूरे क्षेत्रों में सुरंगें खोद रखी हैं।
सीरिया के मरुस्थल में भी सेना और उसके घटक बलों ने आतंकवादियों के विरुद्ध अपनी कार्यवाही जारी रखी है। सीरिया की सेना और उसके घटक बलों ने अलहील नामक तेल फ़ील्ड को दक्षिणी और दक्षिणपूर्वी क्षेत्रों की ओर से अपने घेरे में ले लिया है। आतंकवादी गुट दाइश का इस क्षेत्र पर नियंत्रण है। (AK)