लेबनान ने इस्राईल से मुकाबले पर बल दिया
लेबनानी सेना के कमांडर ने जायोनी शासन और आतंकवादी गुटों के ख़तरों से मुकाबले हेतु इस देश की सेना की तत्परता पर बल दिया है।
हमारे संवाददाता की रिपोर्ट के अनुसार जनरल जोसेफ़ औन ने गत रात्रि लेबनानी सेना के अफ़सरों और कमांडरों के साथ होने वाली बैठक में कहा कि लेबनानी सैनिकों को चाहिये कि वे स्वयं को दक्षिणी सीमा पर इस्राईली ख़तरों और पूर्वी सीमा पर आतंकवादी गुटों के खतरों से निपटने के लिए अधिक कुर्बानी देने के लिए तैयार करें।
लेबनानी सेना के कमांडर ने सीरिया से मिलने वाली अपनी सीमा पर आतंकवादी गुटों को खत्म करने में इस देश की सेना को मिलने वाली हालिया सफलता की ओर संकेत किया और कहा कि लेबनान की सुरक्षा स्थिति बेहतरीन हालत में है और आतंकवादियों का मनोबल निम्नतम स्तर पर पहुंच गया है।
जनरल जोसेफ़ औन ने बल देकर कहा कि हमारी प्राथमिकता आतंकवादियों और इस्राईल से मुकाबला और शांति व सुरक्षा की प्रक्रिया को मज़बूत करना है।
ज्ञात रहे कि लेबनानी सेना ने हालिया दिनों में सीरिया से मिलने वाली अपनी सीमा पर आतंकवादी गुटों विशेषकर नुस्रा फ्रंट के खिलाफ बड़े पैमाने पर कार्यवाही करके सैकड़ों आतंकवादियों को गिरफ्तार किया है।
लेबनान की सीमा पर सीरियाई शरणार्थियों के जो शिविर हैं उनमें बहुत से आतंकवादी घुस गये हैं और इस स्थान का प्रयोग वे आतंकवादी हमलों व योजनाओं के लिए करना चाहते हैं। MM