अभी जीवित है बग़दादी, मरा नहीं हैः अलबसरी
इराक़ के गृहमंत्रालय ने घोषणा की है कि स्वयंभू ख़लीफ़ा बग़दादी अभी जीवित है।
इराक़ की फ़ुरात न्यूज़ के अनुसार इस देश के गृहमंत्रालय में आतंकवाद विरोधी अभियान के प्रभारी "अबूअली अलबसरी" ने रविवार 16 जूलाई को कहा है कि अरब और विदेशी एजेन्सियों की रिपोर्ट के अनुसार दाइश का प्रमुख और स्वयंभू ख़लीफ़ा, अबूबक्र अलबग़दादी अभी जीवित है। उन्होंने कहा कि प्राप्त सूचनाओं के अनुसार अपनी हत्या के भय से वह उत्तरी सीरिया में कहीं छिपा हुआ है।
इराक़ के गृहमंत्रालय में आतंकवाद विरोधी अभियान के प्रभारी "अबूअली अलबसरी" ने कहा कि मूसिल की आज़ादी, किसी भी स्थिति में आतंकवाद की समाप्ति के अर्थ में नहीं है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद इस समय पूरे विश्व के लिए ख़तरा बना हुआ है। अलबसरी का कहना है कि मूसिल में खुली पराजय के बाद दाइश के आतंकवादी, बहुत से स्थानों पर आतंकवादी हमले कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि दाइश ने पूरे विश्व में अशांति फैलाने के उद्देश्य से सीरिया से तुर्की के रास्ते पूरे विश्व में अपने आतंकवादी भेजे हैं।
ज्ञात रहे कि इससे पहले विश्व के बहुत से संचार माध्यम अबूबक्र बग़दादी के मारे जाने की ख़बरें प्रकाशित कर चुके हैं।