तुर्क राष्ट्रपति सऊदी अरब में, संकट के समाधान के लिए चर्चा
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i46024-तुर्क_राष्ट्रपति_सऊदी_अरब_में_संकट_के_समाधान_के_लिए_चर्चा
तुर्क राष्ट्रपति रजब तैयब अर्दोग़ान फ़ार्स की खाड़ी के देशों के अपने क्षेत्रीय दौरे के दौरान रविवार को सऊदी अरब पहुंचे और सऊदी नरेश मलिक सलमान से भेंटवार्ता की।
(last modified 2023-04-09T06:25:50+00:00 )
Jul २३, २०१७ २१:०६ Asia/Kolkata
  • तुर्क राष्ट्रपति सऊदी अरब में, संकट के समाधान के लिए चर्चा

तुर्क राष्ट्रपति रजब तैयब अर्दोग़ान फ़ार्स की खाड़ी के देशों के अपने क्षेत्रीय दौरे के दौरान रविवार को सऊदी अरब पहुंचे और सऊदी नरेश मलिक सलमान से भेंटवार्ता की।

फ़्रांसीसी न्यूज़ एजेन्सी की रिपोर्ट के अनुसार तुर्की के राष्ट्रपति रजब तैयब अर्दोग़ान सऊदी अधिकारियों से मुलाक़ात के बाद क़ुवैत के दौरे पर जाएंगे और उसके बाद क़तर के लिए रवाना होंगे।

तुर्क राष्ट्रपति के साथ विदेशमंत्री मौलूद चाऊश ओग़लू और तुर्की के कई वरिष्ठ अधिकारी और मंत्री भी इस दौरे में शामिल हैं।

रजब तैयब अर्दोग़ान फ़ार्स की खाड़ी के तीन देशों का दौरा करेंगे।

ज्ञात रहे कि सऊदी अरब, संयुक्त अरब इमारात, मिस्र और बहरैन ने 5 जून 2017 को क़तर के ख़िलाफ़ लगाए गए प्रतिबंधों को हटाने के लिए 13 शर्तें रखी थीं और इन्हें मानने के लिए 10 दिन का समय दिया था। शर्तो की समयावधि 3 जुलाई को समाप्त हो गयी थी। क़तर ने चार अरब देशों की शर्तों पर अपनी शर्तें रख दी हैं जिसके बाद इन चार अरब देशों ने एक संयुक्त बयान जारी करके कहा है कि क़तर, संकट का समाधान नहीं चाहता है।

सऊदी अरब की मुख्य शर्तों में ईरान, हिज़्बुल्लाह और मुस्लिम ब्रदरहुड के साथ संबंधों को तोड़ना, टीवी चैनल नेटवर्क को बंद करना और तुर्की के सैन्य अड्डे को हटाना था। सऊदी अरब,मिस्र, संयुक्त अरब इमारात और बहरैन ने 5 जून को क़तर के साथ अपने कूटनयिक संबंध तोड़ लिए थे।

इससे पहले क़तर सरकार के मीडिया ब्यूरो ने कहा था कि क़तर पर पाबंदी लगाने वाले 4 अरब देशों ने अपनी मांगें बदल कर यह दर्शा दिया कि उन्होंने बिना सोचे समझे क़दम उठाया था।

तुर्क राष्ट्रपति रजब तैयब अर्दोग़ान का सऊदी अरब का दौरा एेसी स्थिति में हो रहा है कि पिछले शुक्रवार को क़तर नरेश शैख़ तमीम बिन हमद आले सानी ने कहा था कि उनका देश बिना किसी पूर्व शर्त के वार्ता के  लिए तैयार है। (AK)