अमेरिका ने S- 400 मिसाइल प्रणाली ख़रीदने की आलोचना की
अमेरिकी प्रतिरक्षामंत्रालय पेंटागोन ने S- 400 मिसाइल प्रणाली ख़रीदने के तुर्की के निर्णय की आलोचना की है।
वाशिंग्टन से समाचार एजेन्सी फ्रांस प्रेस की रिपोर्ट के अनुसार पेंटागोन के प्रवक्ता जेफ़ डेविस ने कहा कि अमेरिका तुर्की द्वारा रूस से S- 400 मिसाइल प्रणाली ख़रीदने से चिंतित है क्योंकि यह संभव है कि यह प्रमाणी नैटो के 29 सदस्य देशों के हथियारों की तकनीक के साथ अच्छी तरह काम न करे।
ज्ञात रहे कि नैटो के सदस्य देशों के हथियार पश्चिमी तकनीक से सम्पन्न हैं।
इससे पहले तुर्की के अधिकारियों ने सूचना दी थी कि रूस से S- 400 मिसाइल प्रणाली ख़रीदने का समझौता अंतिम चरण में पहुंच गया है।
वर्ष 1952 से तुर्की नैटो का सदस्य देश है और अब तक वह नैटो की रक्षा हवाई प्रणाली का प्रयोग करता रहा है परंतु वर्ष 2015 में तुर्की के दक्षिण से अमेरिका के पेट्रियाट मिसाइल प्रणाली के निकाल लिये जाने के बाद उसने रूस से S- 400 मिसाइल प्रणाली की ख़रीदारी को प्राथमिकता दे रखी है।
S- 400 मिसाइल प्रमाणी केवल रूस के पास है और उसे चीन को बेचने के लिए भी हस्ताक्षर हो चुका है।
उल्लेखनीय है कि इस मिसाइल प्रणाली के माध्यम से 72 मिसाइलों को एक साथ फायर करके टैक्टिक लक्ष्यों को भेदा जा सकता है।
इसी प्रकार इस मिसाइल प्रणाली के माध्यम से पांच से 60 किलोमीटर की दूरी और 2 से 27 किलोमीटर की ऊंचाई तक के लक्ष्यों को भेदा जा सकता है और इसे दुनिया की आधुनिकतम रक्षा प्रणाली माना जाता है। MM