तलअफ़र की आज़ादी का अभियान आरंभ, हवाई हमला शुरू
दाइश के चंगुल से इराक़ के तलअफ़र नगर को स्वतंत्र कराने का अभियान आरंभ हो गया है।
इराक़ के रक्षामंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया है कि मंगलवार को नैनवा प्रांत के तलअफर नगर को दाइशी आतंकवादियों से मुक्त कराने का अभियान आरंभ हो गया।
मुहम्मद अलख़जरी ने बताया कि इरा़क की वायुसेना ने तेलअफ़र में दाइश के ठिकानों पर बमबारी की। उन्होंने कहा कि थलसेना के जवान इस प्रतीक्षा में हैं कि जैसे ही वायुसेना के हमले समाप्त हों वे धरती पर दाइशी ठिकानों पर हमले करें।
इससे पहले इराक़ के पुलिस प्रमुख ने सोमवार को अपने संबोधन में कहा था कि देश के सैनिक तलअफ़र की ओर जा रहे हैं जो शीघ्र ही अपने मोर्चे संभालेंगे।
ज्ञात रहे कि इस समय इराक़ के तीन नगर तलअफ़र, अलहोवैजा और अलक़ाएम, आतंकवादी गुट दाइश के नियंत्रण में हैं जिनमे से एक तलअफर की स्वतंत्रता का अभियान 15 अगस्त को आरंभ हो चुका है।