तलअफ़र में इराक़ी फ़ोर्सेज़ को मिली पहली कामयाबी
-
20 अगस्तत 2017 को इराक़ के तलअफ़र शहर की आज़ादी के शुरु हुए अभियान में भाग लेते इराक़ी फ़ोर्सेज़ के जवान
तलअफ़र की आज़ादी के लिए रविवार को शुरु हुए अभियान में इराक़ी फ़ोर्सेज़ ने पहली सफलता हासिल करते हुए इस शहर के एक इलाक़े को दाइश के क़ब्ज़े से आज़ाद करा लिया है।
इराक़ से अलआलम के पत्रकार के अनुसार, इराक़ी फ़ोर्सेज़ के हाथों अलइबरा सेक्टर तलअफ़र के पहले इलाक़े के रूप में आज़ाद हुआ।
इराक़ी प्रधान मंत्री हैदर अलएबादी के आदेश से रविवार को तलअफ़र को दाइश के क़ब्ज़े से आज़ाद कराने का अभियान शुरु हुआ। तलअफ़र इराक़ के नैनवा प्रांत में स्थित है।
रिपोर्ट मिलने के समय इराक़ी फ़ेडरल पुलिस के जवान अज़्ज़हरा अस्सअद और अलवहदा इलाक़े की ओर बढ़ रहे थे।
अलआलम के अनुसार, स्वंयसेवी बल हश्दुश्शअबी जिसका मूसिल की आज़ादी में बड़ा योगदान है, तलअफ़र के दक्षिण-पश्चिम में 3 छोर से आगे बढ़ रहा है।
इराक़ी प्रधान मंत्री हैदर अलएबादी ने रविवार की सुबह टेलिविजन पर प्रसारित भाषण में कहा कि हम दाइशियों से कह रहे हैं कि तुम्हारे सामने आत्मसमर्पण करने या मरने के सिवा कोई तीसरा रास्ता नहीं है। जिस तरह हमने पहले वादा किया था इस बार भी वादा करते हैं कि इराक़ी क्षेत्रों को आज़ाद कराने का अभियान जारी रहेगा। हम इराक़ के जिस क्षेत्र को आज़ाद कराने की लड़ाई में शामिल हुए उसमें विजयी हुए इसके विपरीत दाइशियों ने जिस लड़ाई में क़दम रखा उसमें वे या तो मारे गए या उन्हें हार हुयी। (MAQ/N)