दाइश पर आई हर ओर से मुसीबत, भागने के रास्ते बंद
आतंकवादी गुट दाइश पर हर ओर से हमले बढ़ रहे हैं जिसके कारण उसे भारी नुक़सान हो रहा है।
सीरिया की सेना और लेबनान के इस्लामी प्रतिरोधी गुट हिज़बुल्लाह ने संयुक्त कार्यवाही करते हुए पश्चिमी क़लमून पर नियंत्रण स्थापित कर लिया है।
लेबनान की अलअहद समाचार एजेन्सी के अनुसार सीरिया से मिलने वाली लेबनान की सीमा पर सीरिया की सेना और हिज़बुल्लाह के आक्रामक हमले के कारण दाइश के आतंकवादियों को जान बचाकर भागना पड़ा। इस प्रकार उन्होंने सीमावर्ती कुछ क्षेत्रों को आज़ाद करा लिया। सीरिया की सेना और हिज़बुल्लाह ने मिलकर दाइश के विरुद्ध एक संयुक्त मोर्चा खोला है जिसका उद्देश्य, लेबनान और सीरिया के सीमावर्ती क्षेत्रों को आतंकवादियों के चंगुल से मुक्त कराना है। इस संयुक्त अभियान में उन्होंने उल्लेखनीय उपलब्धियां अर्जित की हैं।
इसी बीच रूस के रक्षामंत्रालय ने आज घोषणा की है कि उसके विमानों ने दाइश के आतंकवादियों के उस क़ाफ़िले पर हमला कर दिया जो सीरिया के दैरुज़्जूर नगर में घुसने का प्रयास कर रहा था। रूसी सूत्रों के अनुसार इस हमले में कम से कम 200 दाइशी मारे गए और उनके 20 वाहन नष्ट हो गए।