संबंध सामान्य बनाने के लिए इस्राईल को सऊदी अरब का प्रस्ताव
अमरीकी राष्ट्रपति के वरिष्ठ सलाहकार ने अतिग्रहणकारी ज़ायोनी शासन के साथ संबंध सामान्य बनाने पर आधारित आले सऊद का प्रस्ताव इस्राईली अधिकारियों तक पहुंचा दिया है।
इस्राईल के टीवी चैनल-10 ने सोमवार को रिपोर्ट दी है कि अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प के दामाद और वरिष्ठ सलाहकार जार्ड कूश्नर ने मध्यपूर्व की अपनी हालिया यात्रा में इसी तरह फ़िलिस्तीनी व इस्राईली पक्षों के बीच कथित शांति वार्ता की बहाली के संबंध में भी सऊदी अरब के प्रस्ताव से ज़ायोनी अधिकारियों को अवगत करा दिया है। इस रिपोर्ट के अनुसार आले सऊद के अधिकारियों ने कूश्नर से कहा है कि वे तेल अवीव से अपने संबंध सामान्य बनाने के लिए कटिबद्ध हैं और सऊदी अरब व इस्राईल के बीच व्यापारिक उड़ान शुरू करने की अनुमति देंगे। उन्होंने कहा है कि इस्राईली व्यापारी, सऊदी अरब का वीज़ा प्राप्त कर सकेंगे लेकिन इसके लिए शर्त यह है कि फ़िलिस्तीनी व इस्राईली पक्षों के बीच शांति वार्ता बहाल हो जाए।
यह एेसी स्थिति में है कि ज़ायोनी प्रधानमंत्री बेनयामिन नेतनयाहू ने सऊदी अरब के प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया है और कथित शांति वार्ता की बहाली के संबंध में भी कोई वादा नहीं किया है। इस्राईल के टीवी चैनल-10 के अनुसार जो बात समस्या को जटिल बनाती है वह यह है कि ट्रम्प सरकार के पास फ़िलिस्तीनियों व इस्राईलियों के विवाद को हल करने की कोई योजना नहीं है क्योंकि अमरीकी राष्ट्रपति जिन समस्याओं से जूझ रहे हैं वे उन्हें मध्यपूर्व की कथित शांति वार्ता को बहाल करने के लिए इस्राईल पर दबाव डालने की अनुमति नहीं देतीं। (HN)