ईरान से अच्छे संबंध हैंः हमास
फ़िलिस्तीन के इस्लामी प्रतिरोध आंदोलन हमास के राजनैतिक कार्यालय के प्रमुख ने कहा है कि इस आंदोलन के ईरान के साथ अच्छे संबंध हैं।
अलमयादीन टीवी चैनल की वेबसाइट की रिपोर्ट के अनुसार हमास के राजनैतिक कार्यालय के प्रमुख यहिया सिनवार ने ग़ज़्ज़ा पट्टी में ईरान द्वारा फ़िलिस्तीनी जनता और हमास के व्यापक समर्थन की सराहना करते हुए कहा कि ईरान के साथ हमास के संबंध, बहुत उच्च स्तर पर हैं।
हमास के राजनैतिक कार्यालय के प्रमुख ने इसी प्रकार सीरिया के साथ हमास के संबंधों को अच्छा बताया और कहा कि सीरिया के साथ संबंधों को बेहतर बनाने के लिए हमें कोई समस्या नहीं है।
हमास के इस वरिष्ठ सदस्य यहिया सिनवार ने ग़ज़्ज़ा पट्टी और इस्राईल के बीच युद्ध की संभावना के बारे में सामने आने वाले कुछ समाचारों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि हमास युद्ध नहीं चाहता किन्तु उसके लिए तैयार है। (AK)