अलअयाज़िया दाइश के क़ब्ज़े से आज़ाद, तथाकथित आतंकी गवर्नर ढेर
इराक़ी सेना और स्वयंसेवी बलों ने नैनवा प्रांत के तलअफ़र ज़िले के अलअयाज़िया क्षेत्र को दाइश के क़ब्ज़े से पूरी तरह आज़ाद करा लिया है।
प्राप्त समाचारों के अनुसार बग़दाद में इराक़ी सेना और स्वयंसेवी बलों द्वारा जारी एक संयुक्त बयान में कहा गया है कि इराक़ के उत्तर पश्चिमी नैनवा प्रांत के तलअफ़र ज़िले का अलअयाज़िया क्षेत्र तकफ़ीरी आतंकवादी गुट दाइश के कब्ज़े से पूरी तरह स्वतंत्र हो गया है और इस क्षेत्र की महत्वपूर्ण इमारतों पर राष्ट्रीय ध्वज फहरा दिया गया है।
इराक़ी सेना के तलअफ़र ज़िले में जारी सैन्य अभियान के कमांडर जनरल अब्दुल अमीर रशीद यारुल्लाह ने बताया कि बुधवार की शाम अलअयाज़िया में होने वाली लड़ाई के दौरान 200 के क़रीब आतंकवादी मारे गए जिनमें दाइश का एक तथाकथित राज्यपाल भी शामिल है।
उल्लेखनीय है कि इराक़ी सेना और स्वयंसेवी बलों ने 20 अगस्त से इराक़ के उत्तरी प्रांत नैनवा के तलअफ़र ज़िले को दाइश के क़ब्ज़े से मुक्त कराने के लिए सैन्य आप्रेशन शुरू कर रखा है। सूचना के अनुसार दस दिन से कम समय में शहर के सभी क्षेत्रों को दाइश के कब्ज़े से आज़ाद करा लिया गया है। (RZ)