सीरिया, दाइश का तथाकथित युद्ध मंत्री ढेर
सीरिया में, आतंकवादी ठिकानों पर रूसी विमानों की बमबारी में दाइश का तथाकथित युद्ध मंत्री ढेर हो गया है।
प्राप्त समाचारों के अनुसार मास्को में रूसी रक्षा मंत्रालय ने बताया है कि उसके युद्धक विमानों ने पूर्वी सीरिया के दैरुज़्ज़ूर शहर में तकफ़ीरी आतंकवादी गुट दाइश के ख़ुफ़िया ठिकानों पर बमबारी की है जिसमें दर्जनों आतंकी मारे गए हैं।
रूसी रक्षा मंत्रालय के मुताबिक़ दैरुज़्ज़ूर में दाइश के जिन ख़ुफ़िया ठिकानों पर रूसी युद्धक विमानों ने बमबारी की है उनमें से एक ठिकाने में दाइश का स्वयंभू युद्ध मंत्री गुल मुराद हलीमओफ दर्जनों दूसरे आतंकवादियों के साथ मारा गया है।
उल्लेखनीय है कि गुल मुराद हलीमओफ का संबंध मध्य एशियाई देश ताजिकिस्तान से है।
इस बीच एक और रिपोर्ट के मुताबिक़ रूसी विमानों की ताज़ा बमबारी में सऊदी मूल का ख़ूंख़ार आतंकवादी अबू मोहम्मद अलशुमाली भी मारा गया है। अबू मोहम्मद अलशुमाली आतंकी गुट दाइश के लिए आतंकवादियों की भर्ती करता था और साथ ही आतंकियों को प्रशिक्षण शिविरों में स्थानांतरित करने और उनको वेतन देने की भी ज़िम्मेदारी उसके उपर थी। (RZ)