प्रतिष्ठा के नाम पर सऊदी अरब ने रोकी क़तर से वार्ता
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i48815-प्रतिष्ठा_के_नाम_पर_सऊदी_अरब_ने_रोकी_क़तर_से_वार्ता
सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मुहम्मद बिन सलमान और क़तर के शासक शैख़ तमीम बिन हमल आले सानी के बीच टेलीफ़ोन पर वार्ता के कुछ ही मिनट बाद सऊदी अरब ने क़तर संकट पर बातचीत स्थगित कर दी।
(last modified 2023-04-09T06:25:50+00:00 )
Sep ०९, २०१७ १६:०१ Asia/Kolkata
  • प्रतिष्ठा के नाम पर सऊदी अरब ने रोकी क़तर से वार्ता

सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मुहम्मद बिन सलमान और क़तर के शासक शैख़ तमीम बिन हमल आले सानी के बीच टेलीफ़ोन पर वार्ता के कुछ ही मिनट बाद सऊदी अरब ने क़तर संकट पर बातचीत स्थगित कर दी।

शुक्रवार को शैख़ तमीम ने मुहम्मद बिन सलमान को फ़ोन करके इच्छा जताई थी कि वह दोहा के सामने रखी गई 13 मांगों के बारे में बात करना चाहते हैं। दोनों पक्षों ने ही सहमति जताई की संकट का समाधान वार्ता से निकाला जाना चाहिए। वार्ता में क़तर के शासक ने कहा कि वह चारों देशों, सऊदी अरब, इमारात, बहरैन और मिस्र के साथ वार्ता की मेज़ पर बैठ कर मांगों के बारे में बात करने पर तैयार हैं।

शैख़ तमीम ने मुहम्मद बिन सलमान के इस प्रस्ताव का भी स्वागत किया कि संकट पर बातचीत के लिए दोनों पक्षों की ओर से दो विशेष दूत निर्धारित किए जाएं जो विवादित मुद्दों के बारे में इस प्रकार बात करें कि उससे किसी भी देश की राष्ट्रीय संप्रभुता पर आंच न आए।

तीन महीने पहले संकट शुरू होने के बाद से दोनों सऊदी अरब और क़तर के बीच यह पहला आधिकारिक संपर्क हुआ था।

बहरहाल टेलीफ़ोनी वार्ता के कुछ ही मिनट बाद सऊदी अरब की समाचार एजेंसी ने सऊदी विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी के हवाले से कहा कि सऊदी अरब ने इस लिए वार्ता रद्द कर दी कि कतर की समाचार एजेंसी ने अपनी रिपोर्ट में यह नहीं लिखा था कि फ़ोन शैख़ तमीम ने किया था। क़तर की समाचार एजेंसी ने अपनी रिपोर्ट में कहा था कि इस टेलीफ़ोनी वार्ता का बंदोबस्त अमरीका के राष्ट्रपति ट्रम्प ने किया था।

सऊदी अरब की सरकारी समचार एजेंसी ने कहा कि क़तर की समाचार एजेंसी ने जो रिपोर्ट दी है वह तथ्यों को तोड़ मरोड़ कर पेश करने की क़तर की पुरानी हरकत है जो फिर दोहराई गई है।

टीकाकारों का कहना है कि सऊदी अरब के अधिकारी अपनी विदेश नीति तय करने में बड़ी बचकाना हरकतें कर रहे हैं जिससे इस देश को काफ़ी नुक़सान पहुंच रहा है।