दाइश के क़ब्ज़े से निकल गई नियंत्रण वाली 90 प्रतिशत ज़मीन
सीरिया और इराक़ में दाइश ने जिन क्षेत्रों पर नियंत्रण किया था उसका 90 प्रतिशत भाग आतंकी संगठन से छीना जा चुका है और यह संगठन अब आख़िरी सांसें ले रहा है।
सीरिया और इराक़ में आतंकियों के विरुद्ध सेनाओं और स्वयंसेवी बलों ने बहुत प्रभावी रूप से सफल आप्रेशन किए हैं और आतंकियों को हर जगह से खदेड़ दिया है।
वर्ष 2014 में इस संगठन ने मध्य व पश्चिमी इराक़ के बहुत बड़े भाग पर क़ब्ज़ा कर लिया था और धीरे धीरे बग़दाद की ओर बढ़ रहा था। लेकिन इस समय स्थिति यह है कि करकूक प्रांत के अलहुवैजा शहर तथा अलअंबार प्रांत के क़ायम शहर के कुछ भाग ही आतंकियों के नियंत्रण में बचे हैं जबकि सेना और स्वयंसेवी बलों ती तेज़ प्रगति को देखते हुए यह लग रहा है कि कुछ ही दिनों के भीतर यह दोनों शहर भी आतंकियों के हाथ से निकल जाएंगे।
सीरिया में भी सेना और घटक बलों ने दाइश के क़ब्ज़े वाले अधिकतर क्षेत्रों को आज़ाद करा लिया है। पलमाइरा, अस्सख़ना तथा दैरुज़्ज़ूर के अलावा रक़्क़ा शहर का एक बड़ा भाग भी दाइशी आतंकियों से वापस ले लिया गया है। राजधानी दमिश्क़ के आस पास के जिन क्षेत्रों पर आतंकियों ने क़ब्ज़ा किया था वह भी आज़ाद कराए जा चुके हैं।
सीरिया में भी दाइश के नियंत्रण में केवल 5 प्रतिशत भाग ही बचा है। अब इन आतंकियों के पास तनफ़ मरुस्थल की ओर से भागने के अलावा कोई रास्ता नहीं है और मरुस्थल की ओर भाग पाना सामरिक दृष्टि से संभव नहीं है।
वर्तमान स्थिति के आधार पर यह बात निश्चय के साथ कही जा सकती है कि इराक़ और सीरिया को जोड़कर अपनी ख़िलाफ़त स्थापित करने का दाइश का सपना पूरी तरह चकनाचूर हो चुका है।