यमन, यूएई को अपनी मूर्खता की क़ीमत चुकाना पड़ेगी
अंसारुल्लाह आंदोलन के प्रवक्ता ने कहा है कि संयुक्त अरब इमारात ने अमरीका और इस्राईल के समर्थन से यमन के ख़िलाफ़ युद्ध में भाग लिया है और इस प्रकार उसने बहुत बड़ी मूर्खता का परिचय दिया है।
शुक्रवार को अलमनार टीवी की रिपोर्ट के मुताबिक़, अंसारुल्लाह के प्रवक्ता मोहम्मद अब्दुस्सलाम ने यूएई के विदेश राज्य मंत्री अनवर क़रक़ाश के हालिया एक बयान के जवाब में कहा, मूर्ख वह है जो 900 दिनों के बाद भी यमन के ख़िलाफ़ अपनी मूर्खता को जारी रखे हुए है।
अनवर क़रक़ाश ने हाल ही में अंसारुल्लाह आंदोलन के प्रमुख अब्दुल मलिक अलहौसी के इस बयान पर कि यूएई यमनी मिसाइलों की रेंज में है, प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि यूएई को मिसाइल हमले की धमकी से साबित हो जाता है कि यमन के ख़िलाफ़ सऊदी गठबंधन का सैन्य अभियान कितना ज़रूरी है।
मोहम्मद अब्दुस्सलाम ने क़रक़ाश के बयान का जवाब देते हुए कहा है कि यमन पर अतिक्रमण का जवाब दिया जाएगा और संयुक्त अरब इमारात ने अमरीका और इस्राईल की ओर से हरी झंडी मिलने के बाद ही यमन के ख़िलाफ़ युद्ध में भाग लेने का साहस किया है। msm