कुर्दिस्तान में जनमत संग्रह के स्थगन के लिए बारेज़ानी की शर्त
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i49501-कुर्दिस्तान_में_जनमत_संग्रह_के_स्थगन_के_लिए_बारेज़ानी_की_शर्त
इराक़ के कुर्दिस्तान क्षेत्र के प्रमुख मसूद बारेज़ानी ने इराक़ के विभाजन के लिए कराए जाने वाले जनमत संग्रह को स्थगित करने के लिए शर्त रखी है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Sep १९, २०१७ १२:४२ Asia/Kolkata
  • कुर्दिस्तान में जनमत संग्रह के स्थगन के लिए बारेज़ानी की शर्त

इराक़ के कुर्दिस्तान क्षेत्र के प्रमुख मसूद बारेज़ानी ने इराक़ के विभाजन के लिए कराए जाने वाले जनमत संग्रह को स्थगित करने के लिए शर्त रखी है।

ब्रिटिश रक्षा मंत्री माइलक फ़ालन से मुलाक़ात में बारेज़ानी ने कहा अब कुर्दिस्तान की स्वाधीनता के अलावा कोई और विकल्प नहीं बचा है।

बग़दाद और क्षेत्रीय देशों के कड़े विरोध के बावजूद, कुर्दिस्तान को इराक़ से अलग कराने के लिए 25 सितम्बर को जनमत संग्रह के आयोजन की घोषणा करने वाले बारेज़ानी ने कहा कि जनमत संग्रह को स्थगित करने की एक शर्त है और वह यह कि इराक़ी सरकार एक निर्धारित समय सीमा में कुर्दिस्तान को स्वाधीनता प्रदान करने के लिए वार्ता की शुरूआत करे।

कुर्दिस्तान के प्रमुख का कहना था कि जनमत संग्रह के स्थगन के लिए अब तक जितने भी विकल्प रखे गए हैं, उनमें अरबील और बग़दाद के बीच वार्ता की कोई गारंटी नहीं दी गई है।

बारेज़ानी ने कहा कि इराक़ के साथ कुर्दों का अनुभव अच्छा नहीं रहा है, इसलिए उन्हें बग़दाद पर भरोसा नहीं है।

ब्रितानी रक्षा मंत्री ने भी बारेज़ानी के साथ मुलाक़ात में जनमत संग्रह को स्थगित करने की मांग की और कहा कि अगर बारेज़ानी ऐसा करते हैं तो विश्व समुदाय उन्हें आश्वासन देता है कि बग़दाद के साथ अरबील की वार्ता शुरू करवाई जाएगी।

इससे पहले इराक़ी संसद, सर्वोच्च अदालत और सरकार कुर्दिस्तान में आयोजित कराए जाने वाले जनमत संग्रह को अवैध क़रार दे चुके हैं और अरबील को इस क़दम का परिणाम झेलने की चेतावनी दे चुके हैं। msm