यमन, सऊदी एजेन्टों से धरती को आज़ाद कराएंगेः यमनी प्रधानमंत्री
यमन की राष्ट्रीय मुक्ति सरकार के प्रधानमंत्री ने कहा है कि यमन की सेना और स्वयं सेवी बल, सऊदी अरब के एजेन्टों से देश के समस्त भागों को स्वतंत्र कराएंगे।
अलमनार टीवी चैनल की रिपोर्ट के अनुसार यमन की राष्ट्रीय मुक्ति सरकार के प्रधानमंत्री अब्दुल अज़ीज़ बिन हेब्तूर ने राजधानी सनआ के सबईन स्क्वायर पर बड़ी संख्या में एकत्रित प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए 21 सितंबर की क्रांति की रक्षा की आवश्यकता पर बल दिया और कहा कि इस क्रांति ने बहुत अधिक बलिदान दिए हैं और इसकी रक्षा की जानी चाहिए।
यमन के प्रधानमंत्री ने इसी प्रकार यह बयान करते हुए कि यमन संकट का एक मात्र समाधान, यमन पर सऊदी अरब और उसके घटकों के हमले रुकना है, कहा कि बिना वार्ता और बाताचीत के इस संकट का कोई परिणाम नहीं निकलेगा।
ज्ञात रहे कि 21 सितंबर का दिन यमनी जनता की क्रांति की वर्षगांव का दिन है। यमन की क्रांति की वर्षगांठ के अवसर पर हज़ारों की संख्या में यमन वासियों ने राजधानी सनआ में विशाल प्रदर्शन किए। बुधवार को भी शबवा, लहज और रीमा सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों में भी प्रदर्शन हुए थे। (AK)