कुर्दिस्तान से मिले समस्त इलाकों में सेना भेजी जाएः मुक़तदा सद्र
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i49907-कुर्दिस्तान_से_मिले_समस्त_इलाकों_में_सेना_भेजी_जाएः_मुक़तदा_सद्र
इराक़ के सद्र धड़े के प्रमुख सैयद मुक़तदा सद्र ने इराक़ी कुर्दिस्तान से मिलने वाले समस्त रास्तों पर इराक़ी सेना के नियंत्रण की मांग की है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Sep २५, २०१७ १७:०७ Asia/Kolkata
  • कुर्दिस्तान से मिले समस्त इलाकों में सेना भेजी जाएः मुक़तदा सद्र

इराक़ के सद्र धड़े के प्रमुख सैयद मुक़तदा सद्र ने इराक़ी कुर्दिस्तान से मिलने वाले समस्त रास्तों पर इराक़ी सेना के नियंत्रण की मांग की है।

अल आलम टीवी चैनल की रिपोर्ट के अनुसार इराक़ के सद्र धड़े के नेता सैयद मुक़तदा सद्र ने एक बयान जारी करके इराक़ी कुर्दिस्तान में जनमत संग्रह के आयोजन पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इस जनमत संग्रह का खंडन किया और इराक़ी सरकार से मांग की है कि कुर्दिस्तान से मिले समस्त ज़मीनी और हवाई रास्तों पर सेना तैनात की जाए जबकि सीमाओं पर तैनात सेना के जवानों को हाई अलर्ट कर दिया जाए।

इराक़ी संसद ने भी सोमवार को कहा कि बग़दाद, कुर्दिस्तान के नियंत्रण वाले क्षेत्रों के साथ लगे अपने समस्त रास्तों को बंद कर देगा। इराक़ी सांसदों ने जनमत संग्रह में भाग लेने वाले कुर्द अधिकारियों का वेतन काटने और उनको नौकरियों से निकाले जाने का फ़ैसला सुनाया है।

इराक़ी संसद की ओर से जारी होने वाले बयान में इराक़ी कुर्दिस्तान क्षेत्र से तेल की तस्करी को रोकने और तेल को केवल केन्द्र सरकार के माध्यम से निर्यात किए जाने का फ़ैसला सुनाया गया है।

इराक़ी कुर्दिस्तान की कुछ पार्टियों ने 7 जून को इराक़ी कुर्दिस्तान क्षेत्र के प्रमुख मसऊद बारेज़ानी की उपस्थिति में एक बैठक करके 25 सितंबर 2017 को इराक़ से कुर्दिस्तान क्षेत्र को अलग करने पर जनमत संग्रह कराने पर सहमति जताई थी। इस घोषणा के बाद इराक़ की विभिन्न पार्टियों,नेताओं और क्षेत्रीय व अंतर्राष्ट्रीय हल्क़ों ने भारी विरोध जताया  आंतरिक, क्षेत्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारी विरोध के बावजूद इराक़ी कुर्दिस्तान क्षेत्र के प्रमुख मसऊद बारेज़ानी ने इराक़ी कुर्दों से जनमत संग्रह में भाग लेने की अपील की थी। (AK)