हुसैन का रास्ता, राष्ट्रों को ख़तरों से बचाता है
अब्दुल मलिक अलहूसी ने कहा है कि इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम का रास्ता राष्ट्रों को अमरीका और इस्राईल के ख़तरों से सुरक्षित रखता है।
यमन के अंसारुल्लाह आन्दोलन के प्रमुख ने कहा है कि निश्चित रूप से हुसैन का रास्ता लोगों को ख़तरों से सुरक्षित रखता है। अब्दुल मलिक अलहूसी ने 10 मुहर्रम के संबन्ध में आयोजित कार्यक्रम में बोलते हुए कहा कि वर्तमान समय में मुसलमान राष्ट्रों का यह दायित्व बनता है कि वे उन अत्याचारियों के विरुद्ध उठ खड़े हों जो निर्दोषों पर अत्याचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हालांकि सऊदी अरब और संयुक्त अरब इमारात जैसे देश मुस्लिम देश हैं किंतु अमरीका के साथ उनकी मित्रता ढकी छिपी नहीं है और इन देशों की नीतियां, अमरीकी हितों की पूर्तिकर्ता हैं। अंसारुल्लाह आन्दोलन के प्रमुख ने कहा कि इस समय हम देखते हैं कि कुछ लालची और डरपोक लोग वर्चस्ववादियों के हित में खुलकर काम कर रहे हैं।
यमन के अंसारुल्लाह आन्दोलन के प्रमुख अब्दुल मलिक अलहूसी ने कहा है कि हम खुलकर फ़िलिस्तीन का समर्थन और इस्राईल का विरोध करते हैं। उन्होंने कहा कि हम फ़िलिस्तीन के साथ हैं और हर मोर्चे पर उसका साथ देंगे। अलहूसी ने कहा कि हम अमरीकी और आतंकवादी गुटों के षडयंत्रों को डटकर मुक़ाबला करेंगे।