विश्व समुदाय आतंकवाद से लड़ने का संकल्प नहीं रखताः सीरिया
संयुक्त राष्ट्र संघ में सीरिया के स्थायी प्रतिनिधि ने कहा है कि सीरियाई राष्ट्र के सात साल तक आतंकवाद से जूझने से सिद्ध हो जाता है कि विश्व समुदाय का एक बड़ा और प्रभावी भाग, आतंकवाद से लड़ने का संकल्प नहीं रखता।
बश्शार जाफ़री ने सोमवार को संयुक्त राष्ट्र संघ की महासभा की क़ानूनी समिति की बैठक में कहा कि आतंकवाद से लड़ने के लिए सच्चा राजनैतिक संकल्प होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक आतंकवाद से लड़ने का संकल्प नहीं होगा तब तक आतंकवाद से संघर्ष के बारे में सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों को लागू नहीं किया जा सकता और सदस्य देश भी वार्ताओं के माध्यम से इस संबंध में किसी समग्र समझौते तक नहीं पहुंच सकते।
बश्शार जाफ़री ने कहा कि विदेशी आतंकी, आम और साधारण लोग थे जो वहाबी व आतंकी विचारों के प्रसार के उद्देश्य से पेट्रो डाॅलर के लोभ में आ कर प्रभावित हो गए। संयुक्त राष्ट्र संघ में सीरिया के स्थायी प्रतिनिधि ने कहा कि बहुत सी सरकारें विशेष कर यूरोपीय संघ की सरकारें इन लोगों पर ख़तरनाक और समाज की सुरक्षा के लिए हानिकारक लोगों के रूप में नज़र रखे हुए थीं लेकिन इन सरकारों ने अपने भ्रष्ट राजनैतिक हितों के कारण इनमें से हज़ारों लोगों को लड़ने के लिए सीरिया व इराक़ भेज दिया ताकि वे आतंकवाद भी फैलाएं और पश्चिमी समाजों को इन जैसे चरमपंथियों से मुक्ति भी मिल जाए। (HN)