सीरिया में असद की विजय को इस्राईल ने किया स्वीकार
ज़ायोनी शासन के युद्धमंत्री ने यह बात स्वीकार की है कि 7 वर्षीय युद्ध में बश्शार असद को विजय हासिल हुई है।
रोएटर के अनुसार इस्राईल के युद्धमंत्री लिबरमेन ने कहा कि यह अभूतपूर्व है कि विश्व की सरकारें सीरिया के निकट होने के लिए तेज़ी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस समय बहुत से पश्चिमी और अरब देश, सीरिया की सरकार के साथ अपने कूटनैतिक और आर्थिक संबन्धों को सामान्य करने में लगे हुए हैं।
इस्राईली युद्ध मंत्री ने कहा कि सीरिया में रूस, ईरान, लेबनान और हिज़बुल्लाह की उपस्थिति कोई सामान्य बात नहीं है अतः अमरीका को चाहिए कि वे मध्यपूर्व में अधिक सक्रिय भूमिका निभाए। इस्राईल के युद्धमंत्री के अतिरिक्त वहां के कुछ अन्य अधिकारी विगत में सीरिया के राष्ट्रपति बश्शार असद की शक्ति का लोहा मान चुके हैं।
ज्ञात रहे कि सीरिया में बश्शार असद की लोकतांत्रिक सरकार को गिराने के लिए अमरीका, पश्चिमी देश और कुछ अरब सरकारें पिछले सात वर्षों के दौरान हर प्रकार की कार्यवाहियां कर चुकी हैं किंतु इसके बावजूद वह नहीं हो सका जिसका स्वपन वर्चस्ववादी देख रहे थे। उल्लेखनीय है कि सीरिया, सन 2011 से आतंकवाद के विरुद्ध संघर्ष में व्यस्त है। बश्शार असद की सरकार को गिराने के लिए विश्व के 80 देशों के आतंकवादी सीरिया में एकत्रित होकर हिंसक कार्यवाहियां कर रहे थे। विशेषत बात यह है कि 80 देशों के आतंकवादियों का प्रयोग करने के बावजूद वर्चस्ववादी शक्तियां, सीरिया की वैध सरकार को गिराने में पूरी तरह से विफल रहीं।