सऊदी अरब ने की राजमहल पर हमले की पुष्टि
सऊदी अरब के गृह मंत्रालय ने जद्दा नगर में स्थित राजमहल पर किये गए हमले की पुष्टि की है।
तसनीम समाचार एजेन्सी के अनुसार सऊदी अरब के गृहमंत्रालय ने एक बयान जारी करके इस बात की पुष्टि की है कि एक सशस्त्र व्यक्ति शनिवार को जद्दा नगर में राजमहल के प्रवेश द्वार पर सुरक्षाबलों की गोलीबारी में मारा गया। बयान में कहा गया है कि मारा जाने वाला 28 वर्षीय व्यक्ति सऊदी नागरिक था। शनिवार को जद्दा में राजमहल के प्रवेश द्वार पर होने वाली झड़प में सऊदी अरब के दो सुरक्षाकर्मी मारे गए और तीन अन्य घायल हो गए।
ज्ञात रहे कि शनिवार को एक हमलावर ने सऊदी अरब के महत्वपूर्ण महलों में से एक महल, अस्सलाम पर हमला करने का प्रयास किया, जिसके बाद वहां पर तैनात सुरक्षा बलों से आक्रमणकारी की झड़प हो गई। झड़प में आक्रमणकारी मारा गया। जद्दा के इस महल में सऊदी अरब के कैबिनेट मंत्रियों की बैठक आयोजित होती है और इस देश के वरिष्ठ अधिकारी यहां पर ठहरते हैं।