इराक़, दाइश के नौ आत्मघाती हमलावर मारे गये
इराक़ के गृहमंत्रालय ने देश के उत्तरी भाग पूर्वी शरक़ात में आतंकवादी गुट दाइश के नौ आत्मघाती हमलावरों को मार गिराए जाने की सूचना दी है।
हमारे संवाददाता की रिपोर्ट के अनुसार, इराक़ के गृहमंत्रालय ने कहा है कि पुलिस कर्मियों ने सलाहुद्दीन प्रांत के उत्तर में स्थित शरक़ात क्षेत्र के एक गांव में जांच पड़ताल के दौरान आतंकवादी गुट दाइश के नौ आतंकियों को मौत के घाट उतार दिया।
इराक़ी सेना ने सितंबर के महीने में सलाहुद्दीन प्रांत के शरक़ात शहर को आतंकवादी गुट दाइश के नियंत्रण से स्वतंत्र कराया था।
लेबनान के अलमयादीन टीवी चैनल ने भी जानकार सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट दी है कि अंबार प्रांत के पश्चिम में स्थित एनुल असद छावनी में नार्वे के साठ सैनिकों की तैनाती की सूचना दी है।
सितंबर के महीने में एनुल असद छावनी से बारूदी सुरंगों को हटाने और इमारतों में लगे बमों को निष्क्रिय करने के लिए ब्रिटेन के 44 सैनिकों की टीम क्षेत्र में भेजी गयी थी और इराक़ी मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार इन सैनिकों की तैनाती से एनुल असद छावनी में ब्रिटिश सैनिकों की संख्या 300 हो गयी है जबकि पूरे इराक़ में ब्रिटिश सैनिकों की संख्या 600 है। (AK)