इराक़, आतंकवादियों की उलटी गिनती शुरु
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i50853-इराक़_आतंकवादियों_की_उलटी_गिनती_शुरु
आतंकवादियों के मुक़ाबले में इराक़ की सेना और स्वयं सेवी बलों की निरंतर विजय और दाइश के आतंकियों से देश के अधिकतर क्षेत्रों को स्वतंत्र कराने के साथ ही इराक़ी प्रधानमंत्री हैदर अलएबादी ने जारी वर्ष के अंत तक देश को आतंकवादियों से पूर्ण रूप से मुक्त कराने की सूचना दी है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Oct ११, २०१७ १३:०३ Asia/Kolkata

आतंकवादियों के मुक़ाबले में इराक़ की सेना और स्वयं सेवी बलों की निरंतर विजय और दाइश के आतंकियों से देश के अधिकतर क्षेत्रों को स्वतंत्र कराने के साथ ही इराक़ी प्रधानमंत्री हैदर अलएबादी ने जारी वर्ष के अंत तक देश को आतंकवादियों से पूर्ण रूप से मुक्त कराने की सूचना दी है।

वर्ष 2014 में आतंकवादी गुट दाइश ने अमरीका और उसके पश्चिमी व अरब घटकों की सामरिक और वित्तीय सहायता से इराक़ पर हमला किया और इस देश के पश्चिमी और उत्तरी भागों पर क़ब्ज़ा कर लिया और स्थानीय लोगों और सेना के विरुद्ध भयावह अपराध किए। इराक़ पर दाइश के हमले के बाद से इस देश की सेना और स्वयं सेवी बलों ने ईरान के सैन्य सलाहकारों की सहायता से दाइश के नियंत्रण से बहुत से क्षेत्रों को स्वतंत्र कराया है और अब दाइश के आतंकवादी इराक़ के कुछ ही क्षेत्रों तक सीमित होकर रह गये हैं।

इराक़ी प्रधानमंत्री का यह बयान कि पूरे देश से आतंकवादियों का सफ़ाया करके ही दम लेंगे, एेसी स्थिति में सामने आया है कि इराक़ की सशस्त्र सेनाएं अभी हाल ही में करकूक के पश्चिम में स्थित हुवैजा शहर को आतंकियों से स्वतंत्र करा चुकी हैं। इराक़ी प्रधानमंत्री हैदर अलएबादी ने पांच अक्तूबर को हुवैजा शहर की स्वतंत्रता के बाद कहा कि यह इराक़ी सेना का एक और बड़ा कारनामा है।

इराक़ की जनता, सरकार और सेना के बीच ज़बरदस्त सहयोग के कारण इराक़ में दाइश कमज़ोर हो गया है और अब वह अंतिम सासें ले रहा है। इराक़ के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी स्वयं सेवी बलों के साहस और उनकी शक्ति को देखकर यह घोषणा कर दी  थी कि वर्ष 2017 के अंत तक इराक़ से दाइश का समूल सफ़ाया हो जाएगा और अब वह समय आ गया है कि इराक़ी अधिकारियों के बयान धीरे धीरे सही साबित हों।

कुलमिलाकर यह कहा जा सकता है कि इराक़ और सीरिया में आतंकवादी तकफ़ीरी गुट दाइश की पराजय का अर्थ यह है कि क्षेत्र विशेषकर इराक़ और सीरिया में पश्चिमी शक्तियों के षड्यंत्र विफल हो गये हैं। (AK)