क़तर ने फिर की सऊदी अरब की आलोचना
क़तर के विदेशमंत्री ने पुनः सऊदी अरब की कड़ी आलोचना की है।
क़तर के विदेशमंत्री शेख मुहम्मद बिन अब्दुर्रहमान आले सानी ने कहा है कि उनका देश संकट का समाधान वार्ता के ही माध्यम से करने के लिए प्रयासरत था किंतु सऊदी अरब, क़तर को अस्थिर करना चाहता है। उन्होंने कहा कि रेयाज़, दोहा में तनाव बढ़ाकर वहां की सरकार को बदलने प्रयास में लगा हुआ है।
सीएनबीसी चैनेल से बात करते हुए क़तर के विदेशमंत्री शेख मुहम्मद बिन अब्दुर्रहमान आले सानी ने कहा कि सऊदी अरब और तीन अन्य अरब देशों ने क़तर के विरुद्ध जो काम किया वह चरमपंथियों के हित में है। उन्होंने कहा कि क़तर की आवश्यकता के खाद्य पदार्थ और दवाएं, सामान्यतः देश की ज़मीनी सीमाओं के माध्यम से आया करती थीं जिसको सऊदी अरब ने बंद कर दिया है। क़तर के विदेशमंत्री का कहना है कि देश की वायुसीमा का परिवेष्टन इस अर्थ में है कि क़तर के विमान केवल देश के उत्तरी भाग से ईरान की ओर ही उड़ान भर सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि सऊदी अरब, संयुक्त अरब इमारात, बहरैन और मिस्र ने जून में यह कहते हुए क़तर पर प्रतिबंध लगा दिये थे कि उसकी नीतियां, सऊदी अरब से समनवित नहीं हैं।