इस्राईल ने लेबनान की वायु सीमा का फिर किया अतिक्रमण
संयुक्त राष्ट्र संघ की ओर से चेतावनियों के बावजूद ज़ायोनी शासन की ओर से लेबनान की ज़मीनी व वायु सीमा का अतिक्रमण जारी है।
संवाददाता के अनुसार, मंगलवार को ज़ायोनी सेना के दो युद्धक विमानों ने एक भड़काउ क़दम के तहत लेबनान के आसमान पर उड़ान भर कर इस देश की वायु सीमा का अतिक्रमण किया।
रिपोर्ट के अनुसार, ज़ायोनी शासन का एक जासूसी विमान लेबनान के ‘ईतरून’ क्षेत्र से अतिक्रमण करता हुआ दाख़िल हुआ, उसने दक्षिणी क्षेत्रों के ऊपर उड़ान भरी और ‘रमीश’ क्षेत्र से बाहर निकला।
कुछ घंटे बाद ज़ायोनी शासन का एक और जासूसी विमान ‘ईतरून’ क्षेत्र से अतिक्रमण करता हुआ दाख़िल हुआ, उसने दक्षिणी क्षेत्रों के ऊपर उड़ान भरी और ‘उलमा अश्शअब’ क्षेत्र से बाहर निकला।
ग़ौरतलब है कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिशद के प्रस्ताव नंबर 1701 में, जो 2006 में लेबनान के साथ इस्राईल की 33 दिवसीय जंग के बाद पारित हुआ है, ज़ायोनी शासन से लेबनान के ख़िलाफ़ शत्रुतापूर्ण कार्यवाही से रोका गया है, लेकिन यह शासन इस प्रस्ताव की अवहेलना करते हुए लेबनान की ज़मीनी, समुद्री और हवाई सीमा का आए दिन उल्लंघन करता है।
यह अतिक्रमण ऐसी हालत में जारी है कि लेबनान-अतिग्रहित फ़िलिस्तीन के सीमावर्ती क्षेत्रों में संयुक्त राष्ट्र संघ की शांति बल तैनात हैं। (MAQ/N)