इराक़ी कुर्दिस्तान के प्रमुख बारेज़ानी देंगे अपने पद से इस्तीफ़ा
कुर्दिस्तान डेमोक्रेटिक पार्टी ने घोषणा की है कि इराक़ी कुर्दिस्तान क्षेत्र के प्रमुख मसूद बारेज़ानी अक्तूबर के अंत तक अपना पद से छोड़ देंगे।
केडीपी के बयान में कहा गया है कि कुछ ही घंटों में बारेज़ानी अपने पद से इस्तीफ़े की घोषणा कर देंगे।
कहा जा रहा है कि कुर्दिस्तान की सरकार के प्रमुख बारेज़ानी के शासनकाल की अवधि के समाप्त होने के कारण, वह अपने पद से इस्तीफ़ा दे रहे हैं, हालांकि सूत्रों का कहना है कि बग़दाद सरकार के दबाव के कारण, उन्हें अपने पद से इस्तीफ़ा देना पड़ रहा है।
मसूद बारेज़ानी ने वार्ता के प्रस्ताव और बग़दाद सरकार के कड़े विरोध के बावजूद, 25 सितम्बर को कुर्दिस्तान को इराक़ से अलग कराने के लिए जनमत संग्रह का आयोजन किया था, जिसके बाद बग़दाद ने कुर्द फ़ोर्स के क़ब्ज़े वाले इलाक़े करकूक को आज़ाद कराने के लिए सैन्य अभियान शुरू करके पीशमर्गा को करकूक और अन्य इलाक़ों से पीछे धकेल दिया।
इसके बाद, इराक़ की केन्द्रीय सरकार ने कुर्दिस्तान क्षेत्र के साथ बातचीत के लिए सहमति जताते हुए कहा था कि इस बातचीत में मसूद बारेज़ानी की कोई भूमिका नहीं होगी।
इस बीच, मसूद बारेज़ानी के भाई दिलशाद बारेज़ानी ने बर्लिन में एक वरिष्ठ इस्राईली अधिकारी से मुलाक़ात की है।
प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़, दिलशाद बारेज़ानी ने इस्राईली सांसद अकरम हसून से मुलाक़ात में कुर्दिस्तान और इस्राईल के बीच दोस्ती को और मज़बूत करने पर बल दिया है।
यह ऐसी स्थिति में है कि जब इराक़ी सेना इराक़-तुर्की संयुक्त सीमा की ओर प्रगति कर रही है और उसने अधिकांश इलाक़ों से कुर्द फ़ोर्स पीशमर्गा को इन इलाक़ों से पीछे हटा दिया है। msm