यमन में एक और हिज़बुल्लाह नहीं बनने देंगेः सऊदी युवराज
सऊदी अरब रक्षामंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि यमन पर हमले आगे भी जारी रहेंगे।
सऊदी अरब के रक्षामंत्री तथा वहां के युवराज ने कहा है कि हम यमन के विरुद्ध युद्ध जारी रखेंगे। मुहम्मद बिन सलमान ने गुरूवार को कहा कि यमन में हम एक और हिज़बुल्लाह बनने नहीं देना चाहते इसलिए वहां पर हमलों का क्रम जारी रहेगा। सऊदी युवराज ने यमन में अंसारुल्लाह जनान्दोलन की बढ़ती शक्ति के प्रति चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान समय में यमन, लेबनान से अधिक ख़तरनाक है। मुहम्मद बिन सलमान ने कहा कि ईरान के समर्थन के कारण इस समय लेबनान और सीरिया में हिज़बुल्लाह बहुत बड़ी ताक़त है।
सऊदी अरब के रक्षामंत्री ने कहा कि भौगोलिक दृष्टि से यमन को विशेष स्थान प्राप्त है। उन्होंने कहा कि "बाबुल मंदब" जलडमरू मध्य से सटे होने के कारण यमन में यदि कोई भी घटना घटती है तो फिर उससे संसार का 10 प्रतिशत व्यापार निश्चित रूप में रुक जाएगा।
उल्लेखनीय है कि सऊदी अरब ने अमरीका और कुछ अरब देशों के साथ सहयोग करते हुए मार्च 2015 को यमन पर हमला किया था। उसने साथ ही यमन का जल, थल और वायु तीनों ओर से परिवेष्टन कर रखा है। यमन पर किये जाने वाले सऊदी अरब के हमलों में हज़ारो निर्दोष यमनवासी मारे जा चुके हैं।