राजनैतिक वार्ता के साथ आतंकवाद से संघर्ष भी जारी रहेगा
सीरिया के राष्ट्रपति ने कहा है कि उनका देश आतंकवाद से संघर्ष पर बल देने के अलावा राजनैतिक और राष्ट्रीय वार्ता का भी समर्थन करता है।
हमारे संवाददाता की रिपोर्ट के अनुसार, सीरिया के राष्ट्रपति बश्शार असद ने गुरुवार को दमिश्क़ में सीरिया के मामले में रूस के राष्ट्रपति विलादीमीर पुतीन के विशेष दूत एलेक्ज़ेंडर लावरंतीफ़ से मुलाक़ात में बल दिया कि सीरिया सरकार एक ओर आतंकवाद से संघर्ष जारी रखेगी और दूसरी ओर राष्ट्रीय वार्ता में भी शामिल रहेगी ताकि संविधान में बदलाव और नये संसदीय चुनाव के आयोजन का मार्ग प्रशस्त हो।
सीरिया के राष्ट्रपति बश्शार असद ने कहा कि देश से आतंकवादियों को खदेड़ने में सीरिया की सेना और उसके घटक बलों की सफलताएं, शीघ्र ही राजनैतिक गतिविधियों के लिए मार्ग प्रशस्त कर देंगी। उन्होंने कहा कि सीरिया की सरकार हर उस योजना और प्रस्ताव को सकरात्मक समझती है जिससे सीरिया में रक्तपात रुके और शांति और सुरक्षा की स्थापना हो सके।
इस मुलाक़ात में सीरिया के मामले में रूस के राष्ट्रपति विलादीमीर पुतीन के विशेष दूत एलेक्ज़ेंडर लावरंतीफ़ ने एक बार फिर बल देकर कहा कि रूस, आतंकवाद से संघर्ष में सीरिया का समर्थन जारी रखेगा। उन्होंने कहा कि मास्को, देश में शांति की स्थापना और एकजुटता की रक्षा के उद्देश्य से सीरिया संकट के समाधान के लिए राजनैतिक प्रक्रिया का समर्थन करता है। (AK)