सऊदी अरब, ज़ायोनी मोर्चे में शामिल हो गयाः अंसारुल्लाह
यमन के जनांदोलन अंसारुल्लाह ने कहा है कि सऊदी अरब, ज़ायोनी शासन के मोर्चे में शामिल हो गया है।
यमन के जनांदोलन अंसारुल्लाह के प्रवक्ता मुहम्मद अब्दुस्सलाम ने कहा है कि आले सऊद शासन पूरी तरह से ज़ायोनी मोर्चे में शामिल है और वह यमन में एक पिट्ठु सरकार को सत्ता में लाना चाहता है।
अंसारुल्लाह के प्रवक्ता ने कहा कि सऊदी अरब चाहता है कि यमन में एक एेसी सरकार सत्ता में आए जो आले सऊद शासन की अनुसरणकर्ता हो और सऊदी अरब व अमरीका की नीतियों पर अमल करे।
यमन के जनांदोलन अंसारुल्लाह के प्रवक्ता ने सऊदी क्राउन प्रिंस और रक्षामंत्री मुहम्मद बिन सलमान के हालिया बयान के जवाब में जिसमें उन्होंने कहा था कि सऊदी अरब नहीं चाहता कि यमन में भी एक हिज़्बुल्लाह गठित हो जाए, कहा कि सऊदी क्राउन प्रिंस का यह बयान बताता है कि वह ज़ायोनी शासन के मोर्चे में शामिल हो गया है।
ज्ञात रहे कि सऊदी क्राउन प्रिंस मुहम्मद बिन सलमान ने गुरुवार को कहा था कि यमन पर सऊदी अरब के हमले यथावत जारी रहेंगे। (AK)