लाखों सीरियन्स को अब भी मानवीय सहायता की आवश्यकताः राष्ट्रसंघ
संयुक्त राष्ट्रसंघ ने घोषणा की है कि सीरिया में एक करोड़ से अधिक लोग दयनीय स्थिति में रह रहे हैं जिनको सहायता की आवश्यकता है।
राष्ट्रसंघ के मानवीय सहायता प्रमुख के अनुसार सीरिया में लगभग एक करोड़ तीस लाख लोगों को मानवीय सहायता की नितांत आवश्यकता है। मार्क लोकोक के अनुसार इन लाखों लोगों को भोजन, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य मौलिक चीज़ो की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सीरिया की जनता की सहायता के लिए विश्व समुदाय को आगे आना चाहिए।
ज्ञात रहे कि सीरिया में व्याप्त अशांति में अबतक हज़ारों की संख्या में निर्दोष लोग मारे जा चुके हैं जबकि लाखों लोग इस अशांति के कारण अपना घरबार छोड़कर जा चुके हैं।
उल्लेखनीय है कि सीरिया में लोकतांत्रिक ढंग से चुनी गई सरकार को गिराने के उद्देशय से कुछ अरब और पश्चिमी देशों ने आतंकवादी गुटों का प्रयोग किया जिनकी अब वहां पर कमर टूट चुकी है और वे लगातार पराजित होते जा रहे हैं। सीरिया की सेना ने अपने नए अभियान के दौरान आतंकवादी गुट दाइश को भारी जानी व माली नुक़सान पहुंचाया है। उसने आतंकियों को खदेड़ने के बाद पूर्वी दैरिज़्ज़ूर के ओम्माल क्षेत्र के बड़े भाग पर नियंत्रण कर लिया है।