इस्राईली हमले का जवाब ज़रूर दिया जाएगाः फ़िलिस्तीनी गुट
फ़िलिस्तीन के इस्लामी प्रतिरोध आन्दोलन हमास सहित वहां के कई दलों ने एलान किया है कि ज़ायोनी शासन के हालिया हमले का जवाब ज़रूर दिया जाएगा।
हमास की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि ज़ायोनी शासन के हमलों पर हमको प्रतिक्रिया देने का पूरा अधिकार है। बयान में कहा गया है कि प्रतिरोधकर्ताओं की सुरंग पर हमला, खुला हुआ अपराध है। हमास के बयान के अनुसार ज़ायोनियों की हिंसक कार्यवाही का बदला लेने के लिए हम कोई भी रास्ता चुन सकते हैं।
ज्ञात रहे कि इस्राईल के युद्धक विमानों ने सोमवार की शाम दक्षिणी ग़ज़्ज़ा में एक सुरंग पर हमला कर दिया था जिसके परिणाम स्वरूप 8 प्रतिरोधकर्ता शहीद हो गए थे।
इसी बीच फ़िलिस्तीन के फ़त्ह आन्दोलन ने बयान जारी करके इस्राईली हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है। फ़त्ह के बयान के अनुसार ज़ायोनियों के हमले, फ़िलिस्तीनियों के संकल्प को कमज़ोर नहीं कर सकते बल्कि इस प्रकार की घटनाओं से हमारा संकल्प और अधिक बढ़ जाता है।